इटारसी। शहर के कंचन होटल के पास आज शनिवार दोपहर को एक युवक पर तीन-चार लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में इटारसी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
घटना का विवरण
इटारसी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेख आसिफ (22), जो ग्वाल बाबा क्षेत्र का निवासी है और ट्रेनों में खानपान सामग्री बेचने का काम करता है, आज दोपहर के समय कंचन होटल के पास मौजूद था। इसी दौरान, उसका पवन भदौरिया और प्रहलाद सराठे नामक व्यक्तियों से किसी बात को लेकर वाद-विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने शेख आसिफ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।हमले में घायल युवक शेख आसिफ को गंभीर चोटें आई हैं। उसके चेहरे पर चार से पांच टाँके लगे हैं। पेट, गाल और हाथ पर भी गंभीर चोटें आई हैं और टाँके लगाए गए हैं।
पुलिस द्वारा आसिफ को पहले सरकारी अस्पताल लाया गया था, लेकिन बाद में परिजनों ने उसे इटारसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पवन भदौरिया और प्रहलाद सराठे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, लड़ाई-झगड़े का वास्तविक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।









