सिवनी मालवा। सिवनी मालवा क्षेत्र में नेवले और कोबरा सांप के बीच हुए एक रोमांचक संघर्ष में इंडियन स्पेक्टाकल कोबरा बुरी तरह से घायल हो गया। सांप को पशु चिकित्सालय लाया गया, जहां सहायक चिकित्सक ने उसका सफल उपचार किया। कोबरा को लगे पांच टांके और एक इंजेक्शन घायल कोबरा को सर्पमित्र कल्लू लोधी ने पशु चिकित्सालय पहुंचाया था।
सहायक चिकित्सक गोविंद सराठे ने गंभीर रूप से घायल इस जहरीले सांप का त्वरित इलाज किया। सर्पमित्र कल्लू लोधी ने बताया कि, नेवले और कोबरा के बीच आमना-सामना होने के बाद भीषण लड़ाई हुई, जिसमें कोबरा घायल हो गया। डॉ. सराठे ने बताया कि कोबरा को बुरी तरह चोटें आई थीं, जिसके चलते उसे पांच टांके लगाए और संक्रमण से बचाने एक इंजेक्शन भी दिया। सफल इलाज के बाद, सर्पमित्र कल्लू लोधी ने कोबरा को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
सांप और नेवले की लड़ाई एक प्राकृतिक संघर्ष
यह घटना एक बार फिर सांप और नेवले के बीच प्रकृति के आम संघर्ष को दर्शाती है। वन्यजीवों के बीच यह लड़ाई अस्तित्व के लिए होती है, जहां अक्सर नेवला अपनी फुर्ती, चालाकी और सांप के विष के प्रति आंशिक प्रतिरोधक क्षमता के कारण भारी पड़ता है।
नेवले की खासियत : नेवले के शरीर में एक खास प्रोटीन होता है जो सांप के जहर को बेअसर करने में मदद करता है, जिससे वह सांप के वार से बच जाता है। नेवला बिजली की गति से सांप के हमलों से बचते हुए सही मौके पर उसके सिर पर वार करता है, जबकि सांप फन फैलाकर डसने की कोशिश करता है। यह रोमांचक मुकाबला अक्सर सोशल मीडिया पर भी वीडियो के रूप में वायरल होता रहता है।









