इटारसी। प्रख्यात सिंधी रचनाकार और अमर गायक मास्टर चन्दर को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए एक विशेष सिन्धी अदबी संगत का आयोजन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश सिन्धी साहित्य अकादमी द्वारा पूज्य पंचायत सिंधी समाज, इटारसी के सहयोग से यह कार्यक्रम रविवार, 21 दिसंबर 2025 को आयोजित होगा। यह साहित्यिक और सांगीतिक संध्या कवि भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक चलेगी।
कार्यक्रम की मुख्य प्रस्तुतियां
मास्टर चन्दर की कालजयी रचनाओं को जीवंत करने के लिए दो युवा प्रतिभाएं अपनी प्रस्तुति देंगी। युवा गायक अजय मोहन बुरहानपुर और जयकिशन तलरेजा ग्वालियर अपनी मधुर आवाज में मास्टर चन्दर की चुनिंदा रचनाओं का गायन करेंगे। भोपाल की भारती ठक्कुर मास्टर चन्दर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित एक सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत करेंगी।
इस व्याख्यान के आधार पर श्रोताओं से प्रश्न भी पूछे जाएंगे और सही उत्तर देने वालों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार दिए जाएंगे। सिन्धी साहित्य अकादमी के निदेशक राजेश कुमार वाधवानी, पूज्य पंचायत अध्यक्ष धरमदास मिहानी और झूलण सेवा समिति, इटारसी के संस्थापक गोपाल सिद्धवानी ने इटारसी के समस्त सिंधी समाज से इस महत्वपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।









