इटारसी। पुलिस विभाग के कर्मचारियों को मानसिक तनाव से मुक्त करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एक अनूठी पहल शुरू की गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार अब प्रदेश के सभी थानों में प्रत्येक रविवार सुबह 10 बजे ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे।
विश्व ध्यान दिवस पर विशेष आयोजन 21 दिसंबर, ‘विश्व ध्यान दिवस’ के अवसर पर वैश्विक संस्था हार्टफुलनेस के सहयोग से इटारसी सहित आसपास के सभी थानों (जीआरपी, सिटी कोतवाली, पथरौटा, रामपुर गुर्रा, केसला, तवा नगर) में विशेष ध्यान सत्र आयोजित किए गए। भारत के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित इस दिवस पर दुनिया भर के साथ मप्र पुलिस ने भी अपनी सहभागिता दर्ज की।
हार्टफुलनेस संस्था देगी प्रशिक्षण मध्य प्रदेश पुलिस ने कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए हार्टफुलनेस संस्था के साथ अनुबंध किया है। संस्था के समन्वयक आशीष श्रीवास ने बताया कि ध्यान से न केवल तनाव कम होता है, बल्कि निर्णय लेने की क्षमता और याददाश्त में भी सुधार होता है। यह भागदौड़ भरी जिंदगी में पुलिसकर्मियों के लिए रामबाण सिद्ध होगा।
ये रहे उपस्थित इस अभियान में हार्टफुलनेस टीम के डॉ. कपिल गुर्जर, रामजीत प्रसाद, ऋतु सोलंकी, सूर्यनाथ चतुर्वेदी, शकुन श्रीवास, अशोक डहरिया, गोलू मालवीय, गोपीचंद मेघानी, आशीष पटेल सहित अन्य सदस्यों ने अपना सहयोग प्रदान किया।









