रितेश राठौर, केसला। विकासखंड केसला में विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश इटारसी आदित्य रावत ने की। इस अवसर पर शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में छात्रावास के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बीईओ श्रीमती आशा मौर्य, थाना प्रभारी उमाशंकर यादव और विभिन्न छात्रावासों के अधीक्षक उपस्थित रहे। न्यायाधीश श्री रावत ने बच्चों को गुब्बारे वाली कहानी के माध्यम से प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता रंग-रूप या स्थान से नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आंतरिक शक्ति से मिलती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे की सीख दी। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने कानून और करियर से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका न्यायाधीश महोदय ने सहजता से उत्तर दिया।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने केसला थाना परिसर पहुंचकर वहां स्थित कल्पवृक्ष के दर्शन किए और उसकी परिक्रमा की। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन बीईओ श्रीमती आशा मौर्य द्वारा किया गया।









