इटारसी। छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से आज 23 दिसंबर 2025 को शासकीय सांदीपनि विद्यालय सुखतवा में पुलिस विभाग एवं समर्पण संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मुस्कान कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया।
पुलिस विभाग ने दी सुरक्षा की सीख
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा ने छात्राओं को वर्तमान समय में सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और संकट के समय पुलिस से मदद लेने के तरीकों पर प्रकाश डाला।
स्वच्छता और आत्मरक्षा पर विशेष सत्र
समर्पण संस्था की ओर से आई हुमा एवं मेघा ने छात्राओं के साथ अत्यंत आवश्यक विषयों पर संवाद किया। किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक परिवर्तनों और माहवारी के समय बरती जाने वाली स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

गुड टच-बेड टच : छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया, ताकि वे अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।
हेल्पलाइन नंबर : किसी भी आपात स्थिति या बाल अपराध की सूचना देने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के उपयोग की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा मौर्य ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया और इस तरह के आयोजनों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।









