इटारसी। गांधी मैदान पर मंगलवार से परशुराम कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। इस टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन अवसर पर जिला सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र ओझा ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
टूर्नामेंट के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला परशुराम सेना जूनियर और सर्व ब्राह्मण समाज संगीत इलेवन के बीच खेला गया। परशुराम सेना जूनियर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 52 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्व ब्राह्मण समाज संगीत इलेवन ने मात्र 2 विकेट खोकर 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में आदित्य दीक्षित ने नाबाद 21 रन बनाकर मैन आफ द मैच का खिताब प्राप्त किया।
द्वितीय मुकाबला सर्व ब्राह्मण समाज पुरानी इटारसी एवं सर्व ब्राह्मण समाज रेल प्रकोष्ठ के बीच खेला गया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरानी इटारसी की टीम ने 8 ओवर में 70 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रेल प्रकोष्ठ की टीम ने 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। विजयी टीम की ओर से अमर गिरी ने 23 रन, मप्र रणजी महिला खिलाड़ी अनन्या दुबे ने 15 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कमेंटेटर राकेश पाण्डेय, अंपायर अभिनव शर्मा एवं विवेक रहे। आयोजन के दौरान नगर सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष अशोक शर्मा, दिनेश उपाध्याय, परशुराम सेना जिलाध्यक्ष प्रकाश दुबे, नगर अध्यक्ष मनोज शर्मा, संतोष चतुर्वेदी, सुरेंद्र शर्मा, राकेश दुबे, विनोद शर्मा, आदित्य दीक्षित, आदेश दुबे, अंश शर्मा, विराट दुबे, विकास दुबे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक युवा उपस्थित रहे।









