इटारसी। खेल के प्रति जुनून की कोई उम्र नहीं होती, इसी सोच के साथ फाइटर फुटबॉल क्लब द्वारा 9-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। इस टूर्नामेंट की खासियत यह है कि इसमें केवल 35 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और क्लब अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल ने गेंद पर किक मारकर किया।
मुख्य प्रशिक्षक भागवत ने बताया कि टूर्नामेंट का पहला मुकाबला फाइटर फुटबॉल क्लब इटारसी और एसएनजी क्लब नर्मदापुरम के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में इटारसी के अनुभवी खिलाडिय़ों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए नर्मदापुरम को 2-0 से पराजित कर जीत के साथ आगाज किया।
दिन का दूसरा मुकाबला गुरुकुल फुटबॉल क्लब नर्मदापुरम और एसएनजी फुटबॉल क्लब नर्मदापुरम के मध्य हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंतत: एसएनजी क्लब ने 1-0 की बढ़त बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
आयोजन समिति के अनुसार, यह टूर्नामेंट नर्मदापुरम जिले के उन वरिष्ठ खिलाडिय़ों के सम्मान में आयोजित किया जा रहा है, जो अपने समय के बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं। 35 साल से ऊपर के खिलाडिय़ों को दोबारा मैदान पर उतारना एक नई पहल है, ताकि नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके। इस अवसर पर आयोजन समिति के सचिव पप्पू चौधरी, निपुण गोठी, गोलू मालवीय, मौसम रघुवंशी और श्याम राजपूत सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और पूर्व खिलाड़ी मैच का आनंद लेने पहुंचे।









