माखन नगर (नर्मदापुरम)। माखन नगर पुलिस ने लापता युवक चंदन नागवंशी की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए उसके चार दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी को शक था कि चंदन के परिवार द्वारा किए गए ‘जादू-टोने’ के कारण उसकी मां की मृत्यु हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना का विवरण
गुमशुदगी : 23 दिसंबर 2025 को चंदन अपनी मोटरसाइकिल लेकर निकला था और वापस नहीं लौटा।
हत्या का कारण : मुख्य आरोपी सुशील नागवंशी की मां की मृत्यु 29 नवंबर 2025 को हुई थी। उसे शक था कि पड़ोसियों ने झाड़-फूंक कराई है, जिससे वह बदला लेना चाहता था।
साजिश और वारदात : आरोपियों ने चंदन को पार्टी के बहाने बुलाया और शराब पिलाने के बाद सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपियों ने मृतक के शव और मोटरसाइकिल को बुधनी के मिडघाट जंगल में पेट्रोल डालकर जला दिया।
पुलिस कार्रवाई : सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने दो बालिग और दो विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार किया है।









