इटारसी। शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार कैलाश विहार में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को धता बताते हुए बड़ी सेंधमारी की है। ग्राम पंचायत केसला में पदस्थ एडीओजगदीशप्रसाद दामड़े के सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने करीब एक लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया।
भोपाल प्रवास का फायदा उठाया
मिली जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय जगदीशप्रसाद अपने परिवार के साथ जमानी रोड स्थित आवास में रहते हैं। वे पिछले दो दिनों से निजी कार्य से भोपाल गए हुए थे। इसी गोल्डन चांस की तलाश में बैठे चोरों ने घर का मुख्य ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखे इस्तेमाली जेवर व 35 हजार रुपए नगद समेट लिए।
एफआईआर दर्ज
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों का सुराग मिल सके।








