इटारसी। इटारसी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मोबाइल दुकान में हुई चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर चोरी गए 3,15,000 रुपए कीमत के 09 कीमती स्मार्टफोन और 03 पावर बैंक बरामद कर लिए हैं। इस मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
दुकान से चोरी हुए थे कीमती मोबाइल
पुलिस के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को न्यास कॉलोनी निवासी अमर नागवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान से अज्ञात चोरों ने लाखों के मोबाइल पार कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के जाल की मदद से संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने इटारसी के ही अलग-अलग इलाकों न्यास कॉलोनी, पत्ती बाजार और सब्जी मंडी में रहने वाले तीन नाबालिगों को चिह्नित किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान 18 बंगला खंडहर के पास से चोरी किया गया सारा मशरूका बरामद कर लिया गया।
इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, सउनि सुरेन्द्र मालवीय, आरक्षक संदीप अजनेरिया, शाकिर, नरेन्द्र राजपूत, आबिद खान, संदीप दुबले, रविआनंद और चालक राजेश पंवार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने टीम की इस सफलता की सराहना की है। पकड़े गए नाबालिगों को बाल न्यायालय में पेश किया जा रहा है।









