इटारसी। शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इटारसी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर सहित चोरी की गाडिय़ां खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 मोटर साइकिल बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 83 हजार रुपये आंकी गई है।
ऐसे हत्थे चढ़ा आरोपी
आज यहां टीआई गौरव सिंह बुंदेला की मौजूदगी में एसडीओपी वीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गैरेज लाइन के पीछे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मोटर साइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सिराज मोहम्मद उर्फ राजा उम्र 23 वर्ष, निवासी सिवनी मालवा को पकड़ा। उसके पास मौजूद टीवीएस राइडर के कागजात न होने पर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने शहर के विभिन्न इलाकों से तीन अन्य मोटर साइकिलें चोरी करना भी स्वीकार किया।
चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान आरोपी राजा ने बताया कि वह चोरी की गाडिय़ाँ जुनैद पिता सईद खान (उम्र 35 वर्ष, निवासी सिवनी मालवा) को बेचता था। पुलिस ने जुनैद को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि एक मोटर साइकिल को आरोपी जुनैद ने काट दिया था, जिसके पहिये और इंजन पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
ये बाइक बरामद
टीवीएस राइडर एमपी 05 जेडबी 1711, कीमत 70,000 रुपये, पैशन प्रो एमपी 05 एमवी 5738, कीमत 48,000 रुपये, होंडा शाइन एमपी 05, एमयू 3602 के पुर्जे कीमत 40,000 रुपये, हीरो होंडा स्पलेंडर एमपी 05 एडी 7463, कीमत 25,000 रुपये सहित कुल 04 मोटर साइकिल कीमत 1,83,000 रुपए बरामद की हैं।
पुलिस टीम की सराहना
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, उपनिरीक्षक शिवनाथ यादव, अरविंद बेले और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम ने टीम के इस कार्य की सराहना की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









