इटारसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को युवा संगोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अभाविप के प्रांत कार्यसमिति सदस्य कुणाल सराठे ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।सराठे ने कहा कि स्वामी विवेकानंद एक विचार हैं, जिन्होंने विश्व पटल पर भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश और संस्कृति के पुनर्निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। संगोष्ठी में वक्ताओं ने शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण और समाज हित पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रांत उपाध्यक्ष दीपक आर्य, काजल बस्तवार, उर्वशी तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व छात्र उपस्थित थे। संचालन व आभार नगर मंत्री रौनक ने व्यक्त किया।









