इटारसी। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर काल बनकर सामने आया है। पुरानी इटारसी के व्यस्ततम आजाद चौराहे के पास स्थित बजरंग पान टप के सामने एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। हादसा इतना वीभत्स था कि युवक के गले में करीब 3 इंच चौड़ा घाव हो गया है।
पीडि़त युवक शुभम शर्मा 24 वर्षीय शुभम बाइक से घर से पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी जा रहे थे, जब बजरंग पान टप के सामने से गुजर रहा था, तभी हवा में लहराता हुआ मौत का धागा उसके गले में फंस गया। वे बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। शुभम रेलवे परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। घाव इतना गहरा था कि गले का मांस तक बाहर दिखने लगा। परिजन तुरंत उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार दी जा रही चेतावनियों और चाइनीज मांझे की जब्ती की कार्रवाई के बावजूद, पतंगबाजों के पास यह जानलेवा धागा धड़ल्ले से उपलब्ध है। पतंगबाजों को किसी की जान की परवाह नहीं है, वे केवल अपने शौक के लिए लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
सावधान रहें, सुरक्षित रहें
प्रशासन एक बार फिर नागरिकों से अपील कर रहा है कि वे नायलॉन/चाइनीज मांझे का उपयोग न करें। यदि कोई इसे बेचता या उपयोग करता पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें।









