तवानगर/इटारसी। वन विभाग के एक नाकेदार की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर नया चीचा गांव के आदिवासी समाज का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने तवानगर थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर घेराव किया।
ग्रामीणों ने नाकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आए दिन बेवजह टोका-टाकी और मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। जंगल और रोजमर्रा के कार्यों को लेकर ग्रामीणों के बीच डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। सीधे-सादे आदिवासियों को बुनियादी हक की चीजों के लिए भी प्रताड़ित होना पड़ रहा है।
आंदोलन की चेतावनी
थाना परिसर में काफी देर तक विरोध का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने दोटूक शब्दों में कहा कि अब वे इस प्रताड़ना को और सहन नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित नाकेदार के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।









