इटारसी। प्रतिभा किसी संसाधनों की मोहताज नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है इटारसी के ग्राम भीला खेड़ी की बेटी कीर्ति यादव ने। कोलकाता में आयोजित अखिल भारतीय अंतर साई तीरंदाजी प्रतियोगिता में कीर्ति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से जिले भर में हर्ष का माहौल है।
कोलकाता में बिखेरा प्रतिभा का जलवा
साई एनआईएसईसी कोलकाता में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश भर के जूनियर और सीनियर खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया था। कीर्ति ने भारतीय राउंड/रिकर्व वर्ग में अपनी सटीक निशानेबाजी का लोहा मनवाया और पदक तालिका में जगह बनाई। उनकी इस जीत ने साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो सफलता निश्चित मिलती है।
किसान की बेटी ने बढ़ाया मान
कीर्ति एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी लगन में कोई कमी नहीं आने दी। उनकी इस सफलता पर कीर्ति के पिता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मेरी बेटी ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से न केवल हमारा, बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया है। हमें उस पर गर्व है और हम चाहते हैं कि वह आगे चलकर ओलंपिक में देश के लिए मेडल लाए।
क्षेत्र में उत्साह की लहर
कीर्ति की इस उपलब्धि पर इटारसी और भीलाखेड़ी क्षेत्र के खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है। खेल जगत से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि कीर्ति की यह जीत क्षेत्र के अन्य उभरते खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।









