इटारसी। मकर संक्रांति के पर्व पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार शाम पुरानी इटारसी के आजाद चौराहे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 24 वर्षीय युवक शुभम शर्मा का गला पतंग की डोर चाइनीज मांझे से कट गया। घटना के समय शुभम दुपहिया वाहन से गुजर रहा था। इसी तरह से जोमैटो के एक डिलीवरी बॉय आकाश भाट की नाक भी ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझे की चपेट में आकर जख्मी हो गयी, उसकी आंख भी बाल-बाल बची है।
मिली जानकारी के अनुसार भाट मोहल्ला निवासी आकाश भाट जोमैटो डिलीवरी बॉय का कार्य करता है, ओवर ब्रिज से डिलीवरी देने के लिए जा रहा था। इस दौरान चाइनीस मांझा का शिकार हो गया आकाश भाट का नाक एवं आंख के नीचे का हिस्सा चाइनीस मांझा से कट गया जिसका उपचार सरकारी अस्पताल में किया। घटना भी 14 जनवरी की शाम की है।
इन घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन मैदान में उतरा और चाइनीज मांझा बेचने वालों की तलाश प्रारंभ की। पुलिस ने कई पतंग दुकानों पर जाकर जांच की। आज 15 जनवरी की सुबह से पुलिस की टीम पटवा लाइन सहित अन्य जहां पतंग बिक रही हैं, उन दुकानों पर जाकर जांच कर रही है।
मां की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
इधर पुरानी इटारसी में हुए हादसे के बाद घायल शुभम की मां, अल्पना शर्मा 50 वर्ष, पति राजेश शर्मा की शिकायत पर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लापरवाही से पतंग उड़ाने का मामला दर्ज कर लिया है।
प्रशासन और पुलिस सख्त
इस घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया है, जिसके तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गए हैं।

- सघन चेकिंग : पुलिस की टीम ने सड़क पर उतरकर पतंगबाजों के धागे चेक किए।
- मुख्य मार्गों पर पाबंदी : हादसे की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए शहर की मुख्य सड़कों और व्यस्त चौराहों पर पतंगबाजी करने वालों को सख्त हिदायत देकर हटाया गया।
- दुकानों पर जांच : नायब तहसीलदार ने भी पुलिस टीम के साथ पतंग की दुकानों का निरीक्षण किया। दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचता पाया गया, तो उसकी दुकान सील करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे धागे वाले देशी मांझे का ही उपयोग करें। चाइनीज मांझा न केवल इंसानों बल्कि पक्षियों के लिए भी जानलेवा है। अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे बच्चों को सड़क किनारे या भीड़भाड़ वाले इलाकों में पतंग उड़ाने से रोकें।
अब तक चार युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आ चुके हैं और पुलिस के हाथ केवल एक चाइनीज मांझा बेचने वाले तक पहुंचे हैं। ये मांझा बेचने वाले काफी शातिर हैं और ऑनलाइन के माध्यम से भी शहर में मांझा आ रहा है। ऐसे में पुलिस के समक्ष चुनौती है, क्योंकि मकर संक्रांति के बाद भी पतंगों का दौर अभी थमने वाला तो नहीं है।









