इटारसी। शहर में चाइनीज मांझे से राहगीरों के गले कटने और गंभीर रूप से घायल होने की घटनाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में इटारसी थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सौम्य दुबे ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मकर संक्रांति खुशियों का त्यौहार है, लेकिन चाइनीज मांझे ने इसे दहशत में बदल दिया है। शहर में खुलेआम बिक रही इस खूनी डोर से किसी भी वक्त बड़ी जनहानि हो सकती है। युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गौरव चौधरी और प्रदेश महासचिव शम्मी जायसवाल ने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी खींचा कि शहर में मांझा न केवल दुकानों बल्कि ऑनलाइन माध्यमों से भी पहुंच रहा है, जिन पर तत्काल अंकुश लगाना अनिवार्य है।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल, सेवादल यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी, गोल्डी बैस, प्रतीक मालवीय, मयंक चौरे, युवराज चौधरी, आनंद पटेल, विशाल बड़कुर, और पार्षद दिलीप गोस्वामी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।









