इटारसी। रेलवे पुलिस इटारसी को ट्रेनों में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह को पकडऩे में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 5,46,500 रुपये कीमत के सोने के जेवर और मोबाइल बरामद किए हैं।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
यह गिरोह मुख्य रूप से रात के समय 2 से 4 बजे के बीच सक्रिय होता था। जब यात्री गहरी नींद में होते, आरोपी उनके बैग और कीमती सामान चोरी कर अगले स्टेशन पर उतर जाते थे। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मामले का खुलासा
यह कार्रवाई अगस्त 2025 में हुई एक चोरी की शिकायत के आधार पर की गई। फरियादिया अनुराधा कौशिक, जो ओवरनाइट एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रही थीं, उनका पर्स चोरी हो गया था जिसमें करीब 8.22 लाख रुपये का सामान था। जीआरपी की विशेष टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर 15 जनवरी 2026 को इटारसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से दो संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में सरवन यादव 42 वर्ष, निवासी बलरामपुर, उत्तर प्रदेश और कमल शर्मा 33 वर्ष निवासी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने की चेन साईं बाबा लॉकेट सहित, अंगूठी, ईयर रिंग्स और झाला, सोने की माला और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे अन्य चोरियों के खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने इस सफलता पर पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।









