इटारसी। शहर के ऑडिटोरियम में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। घायल युवक की पहचान मालवीयगंज निवासी हर्ष चौरे के रूप में हुई है। घटना के बाद ऑडिटोरियम परिसर में भारी हंगामा हुआ और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट भी हुई। युवक का उपचार शासकीय अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ऑडिटोरियम में विद्यार्थी परिषद का एक कार्यक्रम आयोजित होना था। इसी दौरान हर्ष चौरे वहां मौजूद अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोनों जब आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी किसी ने लड़की के परिजनों को इसकी सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही लड़की के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका हर्ष से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हर्ष के साथ मारपीट शुरू हो गई। खबर मिलते ही हर्ष के परिजन भी ऑडिटोरियम पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई, इसी बीच हर्ष ऑडिटोरियम से नीचे गिर गया। टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने कहा कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई, और लोगों का कहना है कि लड़का गुस्से में खुद कूद गया। उसके सिर के पिछले हिस्से में करीब तीन इंच का कट लगा है और खून बह गया है। युवक पसली में दर्द होने का भी बता रहा है, सीटी स्कैन के बाद स्थिति साफ होगी। फिलहाल उसकी हालत स्थितर है।
बयानों में विरोधाभास
युवक के नीचे गिरने को लेकर दो अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। घायल हर्ष चौरे का कहना है कि उसे लड़की के परिजनों ने जानबूझकर पहली मंजिल से धक्का दिया है। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि युवक ने खुद ही ऊपर से छलांग लगा दी। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। समाचार लिखे जाने तक टीआई गौरव बुंदेला युवक के परिजनों से बात कर रहे थे।









