इटारसी। स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह के उपलक्ष्य में जन अभियान परिषद द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत सेक्टर स्तरीय ग्राम उत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर स्वामी और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया।
26 जनवरी तक चलेगा उत्सव
ब्लॉक समन्वयक विवेक मालवीय ने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा 12 जनवरी से 26 जनवरी तक जिला, विकासखंड और ग्राम स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देना है।
प्रमुख उद्बोधन और शासन की योजनाएं
ब्रजकिशोर पटेल जिला सदस्य ने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि वंचितों को पक्के आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी। राकेश भट्ट नवांकुर संस्था ने लाडली बहना योजना और बच्चों को यौन शोषण से बचाने के लिए सामाजिक जागरूकता का आह्वान किया। सुशील मिश्रा प्राचार्य ने स्वामी विवेकानंद को युवाओं का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज और देश को शिखर पर ले जाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य सुखराम कुमरे, सरपंच उमेश मरकाम, परामर्शदाता राजेश मालवीय, आयुष विभाग से दीपमाला मौर्य, सहायक सचिव रुचि महतो और प्रस्फुटन समिति के विक्रम चौधरी व अनूप चौरे सहित एनएसएस छात्र और समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार संस्था सचिव कृष्णकांत ने व्यक्त किया।








