इटारसी। नर्मदापुरम जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तिलक सिंदूर में आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इटारसी से लगभग 18 किलोमीटर दूर पहाड़ी गुफा में विराजमान भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए इस वर्ष 14 से 16 फरवरी तक तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इटारसी एसडीएम नीलेश शर्मा ने प्रशासनिक अमले के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।
सुगम आवागमन के लिए बदला रूट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने इस बार विशेष यातायात व्यवस्था की है। श्रद्धालु जमानी के रास्ते मंदिर पहुंच सकेंगे। मंदिर से वापसी के लिए तिलक सिंदूर से खटामा, अमांडा और तीखड़ रोड का उपयोग किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान दिए आवश्यक निर्देश
एसडीएम नीलेश शर्मा ने निरीक्षण के दौरान मंदिर की पुताई, गार्डन की सफाई, बिजली की सुचारू व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पानी की व्यवस्था के लिए स्टॉप डैम में गेट लगाए जाएंगे। पर्याप्त संख्या में अस्थाई शौचालयों का निर्माण होगा। वाहनों के व्यवस्थित खड़ा करने के लिए अलग से पार्किंग जोन बनाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों की पूरी टीम मौजूद रही, जिनमें तहसीलदार सुनीता साहनी, जनपद पंचायत केसला सीईओ सुमन खातरकर, एसडीओपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा, और थाना पथरोटा प्रभारी संजीव पवार शामिल थे। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग पंचलाल सरयाम, पीएचई, स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को भी उनकी जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
मेला समिति की ओर से अध्यक्ष नारायण बाबरिया, जनपद सदस्य सुनील नागले, संतोष राजपूत, सुनील चीचाम, अभिषेक और करतल काजले सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।









