इटारसी। नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को शहर के जयस्तंभ चौक पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन कर उग्र प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संत समाज के कथित अपमान को लेकर आक्रोश व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि संतों का अपमान देश की आस्था पर प्रहार है और इसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुफरान अंसारी ने कहा कि जनता अब भाजपा की नफरत की राजनीति को समझ चुकी है। वहीं, किसान कांग्रेस अध्यक्ष बाबू चौधरी ने भाजपा सरकार पर हर वर्ग को ठगने का आरोप लगाया।
पंकज राठौर, अशोक जैन और राजकुमार उपाध्याय ने भी सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शन में मुख्य रूप से सोनू बकोरिया, शरद बामने, चंदू दुबे, पिंकी शर्मा, अभय दुबे, रामशंकर सोनकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि संतों के सम्मान को लेकर उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।









