इटारसी। शहर के पुरानी इटारसी और सनखेड़ा नाका क्षेत्र में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने दोनों ही मामलों में पीडि़तों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चाउमीन दुकान के सामने युवक को पीटा
पुरानी इटारसी के सनखेड़ा नाका स्थित एक चाउमीन दुकान के सामने युवक के साथ मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, सनखेड़ा नाका निवासी सचिन 26 वर्ष को आरोपी पुनीत और नैतिक निवासी बंंगलिया ने बिना किसी कारण के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सचिन ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे हाथ-मुक्कों से जमकर पीटा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पैसे के विवाद में मां-बेटे पर हमला
दूसरी घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र की है, जहां पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फरियादिया सुनीता महतो 45 वर्ष और उनके बेटे नीलेश के साथ तवा कॉलोनी निवासी आरोपी रितिक यादव और कन्हैया कहार ने गाली-गलौज की। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने मां-बेटे के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इटारसी पुलिस ने दोनों मामलों में पीडि़तों की शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।







