इटारसी। शहर के न्यास कॉलोनी क्षेत्र में लंबे समय से व्याप्त जल संकट के स्थाई समाधान की दिशा में नगर पालिका प्रशासन एक बड़ा कदम उठा रहा है। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के मार्गदर्शन में न्यास कॉलोनी में सम्बेल सहित नवीन पानी की टंकी के निर्माण के लिए विधिवत स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया है कि इस नवीन पानी की टंकी का निर्माण कार्य अत्यंत शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए कॉलोनीवासियों में खुशी की लहर है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नई टंकी और सम्बेल बन जाने से कॉलोनी में पानी के कम दबाव और किल्लत की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। जल संकट को गंभीरता से लेते हुए त्वरित स्वीकृति प्रदान करने पर समस्त न्यास कॉलोनी वासियों ने विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नपा अध्यक्ष पंकज चौरे का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।









