इटारसी। स्थानीय युवाओं और बच्चों को भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की बारीकियों से रूबरू कराने के उद्देश्य से स्पीक मैके इटारसी द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। 26 से 31 जनवरी तक चलने वाले इस सांस्कृतिक उत्सव में कोलकाता की सुप्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना लावण्या घोष अपनी कला का प्रदर्शन और प्रशिक्षण देंगी।
सत्रों की रूपरेखा
26 जनवरी को केंद्रीय विद्यालय, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में, 27 जनवरी को जीनियस प्लानेट स्कूल ,28 जनवरी ग्रीन मॉन्टेसरी स्कूल, खेड़ा सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। स्पीक मैके के पदाधिकारियों ने बताया कि शास्त्रीय संगीत और नृत्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन और संस्कार का माध्यम है। इस कार्यशाला में बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया है, ताकि वे भी भारतीय विरासत के इस अनमोल स्वरूप को करीब से देख सकें।
इस आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष सुधीर गोठी, वरिष्ठ पत्रकार जम्मू सिंह उप्पल, रितेश शर्मा, नीरज चौहान, हेमंत दुबे जमानी, हरप्रीत सिंह छाबड़ा, सज्जन लोहिया, प्रकाश भारद्वाज, प्राचार्य जाफर सिद्दीकी सक्रिय योगदान दे रहे हैं।









