इटारसी। वरिष्ठ नागरिक संघ पुरानी इटारसी के वार्षिक अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से संगठन की कमान पुन: अशोक दुबे अध्यक्ष और जीडी पाटिल सचिव को सौंपी गई। संरक्षक शिवनारायण चौधरी छोटे भैया एवं आरसी वर्मा की उपस्थिति में हुए इस निर्वाचन के बाद नवनियुक्त पदाधिकारी जल्द ही नई कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे।
आध्यात्मिक एवं देशभक्ति का संगम
अधिवेशन का संयोग बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के साथ रहा, जिससे कार्यक्रम त्रिवेणी संगम बन गया। सदस्यों ने मां सरस्वती का पूजन किया और सामूहिक रूप से सुंदरकांड एवं कागभुशुण्डि रामायण का पाठ किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
91 वर्षीय साथी का सम्मान
कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण संघ के सबसे वरिष्ठ सदस्य एवं सेवानिवृत्त रेल अधिकारी एसपी गुप्ता का सम्मान रहा। उनके 91वें जन्मदिन के अवसर पर संघ ने शाल, श्रीफल और फूल-मालाओं से उनका आत्मीय स्वागत कर दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर योगाचार्य रामवल्लभ गुप्ता, लीलाधर मनमारे, बीआर बनोरिया, एम.एल. पटेल, आर.एस. बड़कुर, टीकाराम धार्मिक, आरएल मौर्या, बीएल कैथवास, देवेंद्र जनोरिया, शिवशरण चौधरी, माखनलाल पवार, दीनानाथ महतो, और राजेंद्र दीक्षित सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।









