इटारसी। भारतीय स्टेट बैंक ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत आदर्श आवासीय विद्यालय, तवानगर के छात्रावास के लिए 45,000 रुपए की लागत का वॉटर कूलर भेंट किया है। शनिवार को बैंक के उच्चाधिकारियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर छात्रों के लिए इस सुविधा का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में भोपाल मंडल के महाप्रबंधक कुंदन ज्योति, सुकांत कानूनगो महाप्रबंधक, मनोज कुमार (महाप्रबंधक, नेटवर्क, साईं कृष्णा धारा उप महाप्रबंधक और राजेश कुमार क्षेत्रीय प्रबंधक विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया और छात्रों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यालय के स्वच्छ वातावरण और छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की। एसबीआई के उच्चाधिकारियों ने विद्यालय के विकास के लिए भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान करने की सहमति दी।
इस सौगात को विद्यालय तक पहुंचाने में एसबीआई इटारसी के मुख्य प्रबंधक सुधीर कुमार एवं राकेश पाराशर का विशेष प्रशासनिक सहयोग रहा। प्रभारी प्राचार्य दीपक कुमार सोनी एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अधीक्षक भूपेंद्र साहू ने भारतीय स्टेट बैंक के इस अमूल्य सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।









