इटारसी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर शनिवार को आरपीएफ की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। 22177 महानगरी एक्सप्रेस से बनारस की यात्रा कर रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग यात्री राम आश्रम मौर्य ट्रेन से गिरकर घायल हो गए थे, जिन्हें आरपीएफ जवान ने न केवल समय पर उपचार दिलाया, बल्कि उनकी यात्रा भी सुगम बनाई।
दोपहर करीब 12:45 बजे जब ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आई, तब यात्री पानी लेने उतरा था। ट्रेन चलने पर चढ़ते समय पैर फिसलने से वह गिर पड़ा, जिससे उसके हाथ, पैर और कमर में चोटें आईं। ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक हरप्रताप सिंह परमार नेफुर्ती दिखाते हुए यात्री को उठाया और प्लेटफॉर्म नंबर 1 स्थित आपातकालीन स्वास्थ्य कक्ष लेकर पहुंचे। आरपीएफ टीम ने यात्री का प्राथमिक उपचार कराया, दवा दिलाई और उसे खाना भी खिलाया।
सामान की सुरक्षा और आगे की यात्रा
यात्री का सामान चलती ट्रेन में ही रह गया था। आरपीएफ ने तुरंत अगले स्टेशनों पर संदेश भेजा। यात्री के अनुरोध पर उसे दूसरी ट्रेन से बनारस के लिए रवाना किया और संदेश के आधार पर जबलपुर स्टेशन पर उसका सामान सुरक्षित उसे वापस सौंप दिया।









