इटारसी। शहर के ऐतिहासिक गांधी स्टेडियम और जयस्तंभ चौक पर कल राष्ट्रीय गौरव का पर्व गणतंत्र दिवस पूरी आन-बान और शान के साथ मनाया जाएगा। तैयारियों को देखकर ऐसा लग रहा है मानो समूचा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया है।
राजपथ जैसा नजारा, तैयारियों का संगम
जयस्तंभ चौक से लेकर गांधी मैदान तक का मार्ग इस बार दिल्ली के राजपथ की याद दिलाएगा। रविवार को इस मार्ग पर फाइनल रिहर्सल हुई, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं की पीटी और मार्चपास्ट ने अनुशासन की अद्भुत मिसाल पेश की।
- ध्वजारोहण : मुख्य समारोह गांधी स्टेडियम में होगा, जहां सुबह 9 बजे नगर पालिका अध्यक्ष तिरंगा फहराएंगे। मुख्य अतिथि सांसद दर्शन सिंह चौधरी रहेंगे।
- जयस्तंभ का गौरव : सुबह 8.15 बजे जयस्तंभ चौक पर ध्वजारोहण होगा, जहां एनसीसी प्लाटून और बैंड की धुन पर तिरंगे को सलामी दी जाएगी।
सांस्कृतिक छटा और बच्चों का जोश
मिट्टी की सौंधी खुशबू में वतन का प्यार है,
नन्हें हाथों में तिरंगा, उमंगों की फुहार है।
बाजारों में तिरंगे की मांग बढ़ गई है। बच्चों और युवाओं में गजब का उत्साह है। मुख्य समारोह में देशभक्ति पर आधारित 10 सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सरकारी और निजी इमारतों को दूधिया रोशनी से नहलाया गया है, जिससे रात का नजारा भी बेहद खास हो गया है।
विशेष आकर्षण
- जयस्तंभ से गांधी प्रतिमा तक खुली जीप में मुख्य अतिथि का आगमन।
- पुराने देना बैंक भवन से स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स का मार्चपास्ट
- महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ मुख्य समारोह की शुरुआत।
- इटारसी प्रशासन और नागरिकों ने मिलकर इस राष्ट्रीय पर्व को यादगार बनाने की पूरी तैयारी कर ली है।









