इटारसी । आज देश के 77 वे गणतंत्र दिवस पर इटारसी में भी देशभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्य समारोह ऐतिहासिक गांधी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां तिरंगे की आन-बान और शान के साथ स्कूली बच्चों ने अपनी कला से सबका मन मोह लिया।
इटारसी के गांधी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि सांसद दर्शन सिंह चौधरी रहे। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और सीएमओ श्रीमती ऋतु मेहरा ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। आसमान में शांति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने प्राचीन भारत से लेकर ऑपरेशन सिंदूर और आधुनिक भारत की ताकत तक का जीवंत परिदृश्य खींचा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
निर्णायक मंडल की सदस्य श्वेता चौबे और वैशाली तोमर ने परिणामों की घोषणा की, जिसमें प्राथमिक विभाग प्रज्ञान सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रथम रहा। माध्यमिक विभाग में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट ने बाजी मारी। तो विशेष पुरस्कार कुसुम मालपानी और रेनबो पब्लिक स्कूल को मिला।
मुख्य समारोह में अतिथियों ने नगर को गौरवान्वित करने वाली विभूतियों, जैसे आर्ट शाला की प्रियंका मालवीय, पावर लिफ्टिंग खिलाड़ी ऋषिका पटेल, पत्रकार सुश्री मंजू ठाकुर और वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुंडू सहित स्वास्थ्य, खेल और समाजसेवा से जुड़े कर्मयोगियों को सम्मानित किया।
अन्य संस्थानों में भी मना लोकतंत्र का उत्सव
एमजीएम कॉलेज में प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया। एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। न्यायालय परिसर में न्यायाधीश आदित्य रावत ने ध्वजारोहण कर न्याय और संविधान की महत्ता बताई। सुखतवा कॉलेज में प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने संविधान को आचरण में उतारने की सीख दी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल, कृषि उपज मंडी और सिंधी समाज के सिंधु भवन में भी गरिमामय कार्यक्रम संपन्न हुए। पुरानी इटारसी में वरिष्ठ नेता दिलीप मैना ने तिरंगा फहराया।
शहर के विभिन्न थानों में तिरंगा फहराया गया और पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र को सलामी दी। सिटी थाने में आयोजित कार्यक्रम में एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने झंडा फहराया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को संबोधित कर गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उत्साहजनक माहौल रहा।
जीआरपी थाने में थाना प्रभारी संजय चौकसे ने तिरंगा फहराया। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रगान गाया और तिरंगे को सलामी दी। थाना प्रभारी ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सभी को बधाई दी तथा देश की संप्रभुता और एकता पर जोर दिया। इटारसी रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर विनोद चौधरी ने तिरंगा फहराया। वहीं, आरपीएफ थाने में थाना प्रभारी मनीष पांडे ने ध्वजारोहण किया। इन कार्यक्रमों से शहर में देशभक्ति का भाव जागृत हुआ।









