इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने मां सरस्वती के पूजन और ध्वजारोहण के साथ किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल किताबों में पढऩे का विषय नहीं है, बल्कि इसे हमें अपने दैनिक आचरण और व्यवहार में उतारना चाहिए। तभी हम एक सच्चे और जिम्मेदार नागरिक बन सकेंगे। ध्वजारोहण के पश्चात महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं, जिसमें देशभक्ति के गीतों और नृत्यों ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया, जिसमें कर्मयोगी पोर्टल पर 15 घंटे का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली फैकल्टी को प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. राधा आशीष पांडे ने किया। इस अवसर पर श्रीमती कामधेनु पाटोदिया, सुश्री जोसलिन कुजूर, डॉ. प्रवीण कुशवाहा, डॉ. सतीश ठाकरे, डॉ. महेंद्र सिंह चौधरी, श्री राकेश अहिरवार, असरत धुर्वे, श्रीमती शकुन सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।









