इटारसी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर नर्मदापुरम जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित होकर लौटे सिटी थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला और उनके स्टाफ का मंगलवार को स्वागत किया। कृषि उपज मंडी के विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल ने थाने पहुंचकर पूरी टीम की हौसलाअफजाई की।
नर्मदापुरम में मिला था विशेष सम्मान
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नर्मदापुरम में आयोजित 77 वें गणतंत्र दिवस समारोह में नगर निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला एवं सिटी थाने के पुलिस स्टाफ को उनकी बेहतर कार्यप्रणाली और सराहनीय सेवाओं के लिए मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया था। इस उपलब्धि ने पुलिस विभाग के साथ-साथ इटारसी शहर का मान भी बढ़ाया है।
गुलदस्ता भेंट कर जताया आभार
मंगलवार को कृषि उपज मंडी के विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल सिटी थाने पहुँचे। उन्होंने नगर निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला को गुलदस्ता भेंट कर जिले में मिले सम्मान के लिए बधाई दी। श्री पटेल ने कहा कि पुलिस का यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत और शहर के प्रति उनकी सजगता का परिणाम है।
स्वागत के दौरान सिटी थाने की सहायक उप निरीक्षक रीना खरे, प्रधान आरक्षक दुर्गा दुबे सहित थाने के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस सम्मान और स्वागत के लिए विधायक प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया।









