इटारसी। विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति ने मालवीयगंज स्थित भारत माता चौराहे पर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर भारत माता की विधि-विधान से आरती एवं पूजन किया।
पूजन के पश्चात सभी ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से संपूर्ण मालवीयगंज क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर राहगीरों और उपस्थित जनों को प्रसाद वितरण भी किया गया।
विहिप के जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अनुरुद्ध चंसौरिया ने बताया कि मातृशक्ति द्वारा भारत माता चौराहे पर यह आयोजन प्रतिवर्ष पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है, जिसका उद्देश्य युवाओं और समाज में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाना है।
इस अवसर पर तरुणा सोनी विहिप मातृशक्ति जिला संयोजिका, आरती मालवीय नगर सह संयोजिका, अर्चना सातपुते नगर सत्संग प्रमुख, आशा गोस्वामी नगर बाल संस्कार केंद्र प्रमुख, प्रीति मालवीय नगर सेवा प्रमुख, चंद्रकला नागवंशी सह सेवा प्रमुख, ज्योति गोहिया, मीरा दीवान, नीतू सराठे, कमला कौशिक, अनु चौरे, दुर्गा सोनी एवं लक्ष्मी जी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सदस्य उपस्थित रहीं।









