इटारसी। प्रयागराज में चल रहे माघ मेला-2026 के दौरान यात्रियों की संख्या में आई कमी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। इटारसी-प्रयागराज छिवकी एक्सप्रेस जो वर्तमान में चुनार जंक्शन तक विस्तारित की गई थी, उसके कुछ फेरों को आंशिक रूप से निरस्त कर दिया गया है।
प्रयागराज छिवकी और चुनार के बीच नहीं चलेगी ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, परिचालन आवश्यकताओं और कम यात्री आवागमन को देखते हुए प्रयागराज छिवकी से चुनार के बीच के 6 फेरों को निरस्त किया गया है।
निरस्त फेरों का विवरण
- गाड़ी संख्या 11273 इटारसी-प्रयागराज छिवकी एक्सप्रेस प्रयागराज छिवकी से चुनार के बीच 29 जनवरी तक आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।
- गाड़ी संख्या 11274 प्रयागराज छिवकी-इटारसी एक्सप्रेस चुनार से प्रयागराज छिवकी के बीच 30 जनवरी तक आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।
- यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग इटारसी से प्रयागराज छिवकी के बीच यथावत चलती रहेगी, केवल चुनार तक की विस्तारित दूरी ही प्रभावित होगी।
यात्री यहां से लें जानकारी
पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की सटीक स्थिति की जांच अवश्य करें। इसके लिए रेलवे पूछताछ सेवा नंबर 139 पर कॉल करें। नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम ऐप का उपयोग करें। आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के माध्यम से जानकारी प्राप्त करें।






