इटारसी। जिला किसान कांग्रेस द्वारा किसान साथियों से संवाद के माध्यम से उनकी बुनियादी समस्याओं को जानने और उनका निराकरण करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने तवा कछार, मरोड़ा और डंगरवाडी रेत क्षेत्र में सब्जी उगाने वाले किसानों से मुलाकात कर उनकी आजीविका से जुड़ी परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की।
किसानों ने रखीं ये प्रमुख मांगें
चर्चा के दौरान किसानों ने प्रमुखता से जमीन के कटाव, खाद की समय पर उपलब्धता न होना और पट्टा नवीनीकरण में आ रही बाधाओं को साझा किया। इसके साथ ही सब्जी उत्पादकों ने सब्जियों का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करने, रेत श्रमिक बोनस और पारिश्रमिक राशि के भुगतान जैसी गंभीर समस्याओं को कांग्रेस नेताओं के समक्ष रखा।
प्रशासन को घेरने की तैयारी
मुलाकात के बाद कांग्रेस नेताओं ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही इन सभी मुद्दों को लेकर किसानों के साथ मिलकर सरकार और जिला प्रशासन के सामने मजबूती से पक्ष रखेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी, राजीव गांधी पंचायती राज जिलाध्यक्ष हेमचंद कश्यप, रामपुर ब्लॉक अध्यक्ष राकेश मालवीय, बाबई ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत यादव, उमेश यादव और विजय मालवीय सहित अनेक किसान साथी उपस्थित रहे।









