इटारसी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर मंगलवार, 27 जनवरी को इटारसी सहित देशभर के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में पूर्णत: हड़ताल रही। बैंक कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों, विशेषकर 5-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को लागू करने के लिए काम बंद रखा।
बैंक कर्मचारी नेता प्रवीण गंगोले ने बताया कि मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के साथ हुए समझौते के बावजूद सरकार ने अभी तक 5-डे वर्क वीक का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। बैंककर्मियों का तर्क है कि रिजर्व बैंक आफ इंडिया और भारतीय जीवन बीमा निगम में यह व्यवस्था पहले से लागू है।
बढ़ते कार्यदबाव के कारण बैंककर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। चूंकि 25 को रविवार और 26 को गणतंत्र दिवस की छुट्टी थी, इसलिए लगातार तीसरे दिन बैंक बंद रहने से ग्राहकों को भारी परेशानी हुई। चेक क्लियरिंग और नकदी लेनदेन पूरी तरह प्रभावित रहा। हालांकि, निजी बैंकों में कामकाज सामान्य रहा।









