इटारसी। मतदाता जागरूकता (स्वीप) गतिविधियों के माध्यम से लोकतंत्र को सशक्त बनाने वाली नर्मदापुरम की स्वीप आइकॉन सारिका घारू को राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने से जिले का गौरव बढ़ा है। राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने के उपरांत सारिका ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन से शिष्टाचार भेंट की और अपनी गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मुलाकात के दौरान सीईओ हिमांशु जैन ने सारिका को बधाई देते हुए कहा कि मतदाता जागरूकता गतिविधियों में उनके द्वारा किए गए नवाचारों से जिले को राज्य स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने आगामी समय में इन गतिविधियों को और अधिक व्यापक और प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके।
सारिका घारू ने अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया कि वे अब संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान युवाओं को मतदाता सूची में जोडऩे पर विशेष ध्यान केंद्रित करेंगी। उन्होंने संकल्प लिया कि कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थानों में जाकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को पंजीयन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
सारिका ने अपनी इस सफलता का श्रेय नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना और स्वीप नोडल अधिकारी हिमांशु जैन के कुशल मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सहयोग के कारण ही वे जमीनी स्तर पर मतदाताओं तक पहुंचने और उन्हें जागरूक करने में सफल हो पा रही हैं।









