---Advertisement---

नए सत्र से प्रारंभ होंगे इटारसी-पवारखेड़ा के सांदीपनी स्कूल, 1 फरवरी से नया बस स्टैंड

By
On:
Follow Us

इटारसी। नए साल की शुरूआत के साथ शहर एवं विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यो को तेज गति से पूरा करने एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए पूर्व विस अध्यक्ष एवं विधायक डा. सीतासरन शर्मा ने सभी विभाग प्रमुखों की समीक्षा बैठक ली। नपा सभागार में मंगलवार को हुई बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं, साथ ही आगामी कार्ययोजना पर काम करने की प्लानिंग बनाई गई है।

बैठक में विधायक डा. सीतासरन शर्मा, एसडीएम नीलेश कुमार शर्मा, तहसीलदार रितु साहनी, सीएमओ रितु मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, जनपद अध्यक्ष भूपेन्द्र चौकसे, मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, विधायक प्रतिनिधि जगदीश मालवीय माैजूद रहे। विधायक डा. शर्मा ने बताया कि मार्च-अप्रैल तक इटारसी तवा कालोनी और पवारखेड़ा में तैयार हो रहे दोनों सांदीपनी स्कूल सीएम राइज बनकर तैयार हो जाएंगे, पहले इटारसी का भवन हैंडओवर होगा, मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के हाथों इसका लोकार्पण कराने की तैयारी है। नए सत्र में दोनों सांदीपनी स्कूल शुरू किए जाएंगे। नर्मदापुरम में विधि महाविद्यालय की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, प्रस्ताव बन गया है, जल्द ही टेंडर कराए जाएंगे।

1 फरवरी से नया स्टैंड चालू होगा

शर्मा ने बताया कि पुरानी इटारसी में तैयार नवीन बस स्टैंड 1 फरवरी से चालू कराया जाएगा, कमिश्नर ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है, यहां यात्री प्रतीक्षालय समेत अन्य प्रबंध नपा तेजी से कराएगी, स्टेशन रोड स्थित मौजूदा बस स्टैंड पर पिक एंड ड्राप की व्यवस्था जारी रखने पर आरटीओ से बात की जाएगी, चूंकि बस आपरेटर मनमानी बंद नहीं कर रहे हैं, यहां लंबे समय तक बसों को खड़ा कर यातायात बाधित किया जा रहा है, उन्होंने नपा अधिकारियों से कहा किनए स्टैंड पर सारे प्रबंध कर लिए जाएं, हम 1 फरवरी से नया स्टैंड चालू कर रहे हैं।

गारंटी अवधि की बदहाल सड़काें का मेंटनेंस हो

शर्मा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में बनी ऐसी सड़कों के मेंटनेंस के निर्देश दिए, जो गारंटी अवधि में हैं, ओर समय से पहले खराब हो गई हैं, इसके अलावा न्यास से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग 46 को जोड़ने वाले बायपास में अर्जित की गई निजी जमीनों के मुआवजा प्रकरणों पर भी चर्चा हुई, एसडीएम ने कहा कलेक्टर को प्रकरण भेजा है, जल्द ही सूचना प्रकाशन के बाद अवार्ड पारित कराए जाएंगे। बूढ़ी माता मंदिर से डोलरिया तिराहे तक बनी सड़क के मेंटनेंस के अलावा बूढ़ी माता मंदिर के पीछे स्वप्नेश्वर मंदिर से सोनासांवरी सांवलखेड़ा मार्ग तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी बनाया जा रहा है, डा. शर्मा ने मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री से पत्राचार किया था, जिसकी प्रकिया जारी है।

हाथठेले जब्त होंगे, मनमानी पार्किंग रूकेगी

शर्मा ने बताया कि राजस्व, पुलिस एवं नपा मिलकर गुरूवार से अभियान शुरू करेगी, इसमें सड़कों पर लगने वाले फलों के ठेलों को जब्त कराएंगे, इसके अलावा सड़कों पर गाड़ियां लगाकर गोडाउन की तरह उपयोग करने वाले वाहन भी हटाए जाएंगे। हाथठेलों के बाद मनमानी पार्किंग करने वाले दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों पर एक्शन होगा। इनके लिए पार्किंग के नए स्थल चिन्हित किए जाएंगे।

तीसरी भुजा का अभिमत मांगा

बैठक में सोनासांवरी ओवरब्रिज का मुद्दा भी उठा, ब्रिज कार्पोरेशन अधिकारियों ने बताया कि दोनों तरफ की भुजा का काम अधूरा है, साल 2027 तक इसे पूरा करने की तैयारी है, विधायक डा. शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि निष्पक्ष तरीके से ब्रिज के दोनों तरफ एप्रोच सड़कों के लिए भू अधिग्रहण किया जाएगा। ब्रिज के केन्द्र बिंदु से दोनों तरफ समान अधिग्रहण किया जाएगा, अभी बंगाली परिवारों की आपत्ति आई है, इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। तीसरी भुजा पर शर्मा ने कहा कि मैनिट के बाद तीसरी भुजा के लिए आईआईटी इंदौर से अभिमत मांगा गया है, जिसकी रिपोर्ट आना है, भविष्य में तीसरी भुजा बनाई जाएगी, इसमें कोई गलतफहमी न पाले कि रेलवे लाइन के नीचे से निकले बायपास के कारण तीसरी भुजा नहीं बनेगी, इस बायपास के उपयोग पर रेल महाप्रबंधक ने साफ इंकार किया है, इसलिए तीसरी भुजा बेहद जरूरी है।

शर्मा ने ग्रीष्मकाल को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में अधूरी पड़ी जल जीवन मिशन की अधूरी योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। लोनिवि अधिकारियों को धौखेड़ा से खेड़ा तक बिछाई जाने वाली भूमिगत पाइप लाइन के लिए एनओसी देने की मांग भी नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने की, जिस पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पानी की टंकियों पर चढ़ने पर पाबंदी

डा. शर्मा ने आबकारी एवं पुलिस अधिकारियों से कहा कि शहर में बनी पानी की टंकियों के ऊपर तक असामाजिक तत्व चढ़ रहे हैं, कमला नेहरू पार्क की टंकी के आसपास दिन भर शराबी गंजेड़ियों का जमघट रहता है, यहां पुलिस जाए और शराबियों को सबक सिखाए। टंकियों पर एंट्री रोकने के लिए आसपास फेसिंग एवं कांटे लगाए जाएंगे। शर्मा ने शहर के कई इलाकों में खुलेआम हो रही शराब की अवैध सप्लाई की रोकथाम कर शराब ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए, उन्होंने गांजा एवं अन्य मादक पदार्थो की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने को कहा। शर्मा बोले, शराबी घर बैठकर पिएं, सार्वजनिक स्थलों पर नशा कर महिलाओं-स्कूली छात्राओं को परेशान करते हैं, पुलिस स्कूलों के आसपास भी नियमित गश्त करे।आरटीओ के उड़नदस्ता प्रभारी हिमांशु जैन द्वारा अवैध वसूली का मुद्दा भी उठा, इस पर शर्मा ने कलेक्टर को पत्र लिखने को कहा, मंडल अध्यक्ष मयंक मेहतो ने बताया स्कूली वाहनों को जांच के लिए नाम पर वसूली की जाती है, रुपये न देेने पर वाहन जब्त कर आरटीओ दफ्तर भेजे जाते हैं, इस मनमानी पर रोक लगाई जाए।

पोल एवं ट्रांसफार्मर हटेंगे सड़कें चौड़ी होंगी

शर्मा ने कहा सड़कों की चौड़ाई में बाधक बन रहे पोल एवं ट्रांसफार्मर का सर्वे कर इनकी शिफ्टिंग के लिए 21 लाख रुपये बिजली कंपनी को देंगे, राशि का प्रबंध वे और नपाध्यक्ष मिलकर करेंगे, जिससे सड़कें विस्तार लेंगी। नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा सूरजगंज रोड की ट्रेफिक समस्या को लेकर सांई नाथ कुंज गली से एमपी स्टोन तक एवं शिक्षक नगर से महावीर जैन स्कूल तक सड़कें चौड़ी की जाएंगी, इससे यातायात का संकट खत्म हाेगा। लाल मैदान के जमीन विवाद का निपटारा भी जल्द होगा।

शांतिधाम से गुजरी हाईटेंशन लाइन ऊंची करें, अवैध कालोनियों में कनेक्शन दें

डा. शर्मा ने बिजली कंपनी के डीजीएम से कहा कि खेड़ा शांतिधाम में शवदाह शेड के ऊपर हाइटेंशन लाइन गुजरी है, शवदाह के बाद तापमान बढ़ने से लाइन टूट सकती है, इसे देखा जाए, डीजीएम ने कहा कि इसका सर्वे करा लेते हैं, नियमानुसार इसकी ऊंचा कर दिया जाएगा, जिससे हादसे की आशंका न हो। सोलर उपभोक्ताओं को सोलर मीटर मिलने में हो रही देरी पर शर्मा ने नाराजगी जताई, इसके अलावा वार्ड 33-34 एवं शहर के अन्य इलाकों में बनी अवैध कालोनियों में निवासरत परिवारों को बिजली कनेक्शन देने के निर्देश दिए, शर्मा ने कहा कि जो परिवार रहते हैं, वे राशि देने को तैयार हैं, इस आधार पर उन्हें स्थाई कनेक्शन दिए जाएं, डीजीए ने कहा इसका प्रावधान है, हम कार्रवाई करेंगे। बैठक में सोनासांवरी में सब स्टेशन स्थापित करने, मंडी परिसर में हाइटेंशन लाइन एवं पोल शिफ्टिंग पर कार्रवाई करने, उपभोक्ताओं के विवादित बिलों का निराकरण होने से पहले ही कनेक्शन काट देने पर शर्मा ने कहा कि उपभोक्ता नियमित बिल जमा करते हैं, विभाग पुरानी बकाया राशि के आधार पर कनेक्शन काट देता है, यह बंद किया जाए। सूरजगंज चौराहा स्थित ट्रांसफार्मर एवं रोड के आसपास लगे पोल शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए।

मंडी में पेयजल प्रसाधन के बेहतर इतंजाम करें

कृषि उपज मंडी में व्यापारियों-किसानों के लिए पेजयल आपूर्ति का मुद्दा उठा, मंडी सचिव प्रशांत पांडेय ने बताया कि वाटर कूलर चालू हो गए हैं, यहां नई ग्रेडिंग मशीन के लिए स्थल चयन हो चुका है, इसके टेंडर किए जा रहे हैं। धर्मकांटे के लिए भी भी प्रकिया भी जारी है। परिसर में डामर रोड, पार्क निर्माण, नाली एवं टूटी दीवार के निर्माण का काम शुरू किया गया है। 13 पुराने शेड की ऊंचाई बढ़ाने का काम चल रहा है। डा. शर्मा ने प्रसाधन केन्द्रों की साफ सफाई के निर्देश दिए। शर्मा ने कहा कि परिसर में लगे इलेक्ट्रानिक तौल कांटे तीन में से दो बंद हैं, व्यापारियों के लाइसेंस नवीनीकरण की प्रकिया शुरू की जाए।

इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा

शहर में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों का काम पूरा कराने, एसडीओपी कार्यालय के विस्थापन, राशन दुकानों से खाद्यान्न वितरण में आ रही समस्या पर चर्चा, बाजार क्षेत्र में सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने समेत अन्य जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दीपक अठौत्रा, भाजपा नेता जयकिशोर चौधरी, मंडल अध्यक्ष मयंक मेहतो, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल, जसबीर सिंह छाबड़ा, भाजपा नेता मनीष ठाकुर समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.