नर्मदापुरम। गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर शहर का नेहरू पार्क सुरों की महफिल और देशभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया। अवसर था ‘सुरीला नर्मदापुरम’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष संगीत संध्या ‘ऐ मेरे प्यारे वतन’ का, जहां कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह की आंखों में राष्ट्रप्रेम की चमक और दिलों में गौरव का भाव भर दिया।
भारत माता के चरणों में सुरों की वंदना
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जैसे ही मंच से ‘ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी’ के स्वर गूंजे, पूरा पार्क खामोश होकर देश की माटी को नमन करने लगा। इसके बाद ‘संदेशे आते हैं’, ‘भारत का रहने वाला हूं, ‘ये मेरा इंडिया’ और ‘मेरी शान तिरंगा है’ जैसे कालजयी गीतों ने शाम को यादगार बना दिया।
इटारसी और नर्मदापुरम के कलाकारों का अनूठा संगम
इस संगीत संध्या की विशेषता यह रही कि यहाँ जिले की विभिन्न प्रतिभाओं ने एक मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इटारसी से अनिल झा, मनोज सिंह राठौर, ज्योत्सना राठौर, अनीता राठौर, भागवती सिंह, मुकेश शुक्ला, वंदना चौरे, हेमलता दावंडे, वंदना चौधरी, मुकेश सरदाना और चाँदनी शुक्ला ने अपनी सुरीली आवाज़ से समां बांधा। रोहित नागे और दिनेश चौरे ने भी शिरकत की।
सुरीला नर्मदापुरम दल
कमल झा, हरीश मांझी, कमल सिंह राजपूत, राजेंद्र सिंह राजपूत सरपंच, सूरज तलरेजा, मनोज यादव, आनंद मोहन शुक्ला, भारती शुक्ला, डॉ. नैना सोनी, कंचन बानोधा, हिमांशी परिता, नितिन परिता, विनय रैकवार, मोनल हर्णे, शाहिद खान, राखी रोहर, राजीव रोहर, मनोहर सोनी, बलराम सोलंकी, आशीष शुक्ला, संजीव सक्सेना, प्रीति सक्सेना, मनीष दुबे और माधवी दुबे ने अपनी देशभक्तिमय गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलाकारों का सम्मान और संचालन
कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रकाश आहूजा ने अपने विशिष्ट अंदाज़ में किया। शाम के अंत में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने सभी गायक कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की और उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन तक श्रोता मंत्रमुग्ध होकर अपनी जगह जमे रहे, जो इस सफल आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।









