इटारसी। मध्य प्रदेश वैश्य महासम्मेलन महिला इकाई जिला नर्मदापुरम ने वसंत उत्सव के उपलक्ष्य में ज्ञान, संगीत और कला की देवी मां सरस्वती का पूजन किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये। इस दौरान भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना और वंदना से हुआ। वंशिका डांस एकेडमी की नन्ही प्रतिभाओं खुशी, नव्या और शाम्भवी ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की इस प्रस्तुति ने उपस्थित सभी महिलाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसके लिए उन्हें पारितोषिक देकर सम्मानित भी किया गया।
हल्दी-कुमकुम और परंपराओं का निर्वहन
वसंत के आगमन की खुशी में महिलाओं ने पारंपरिक हल्दी-कुमकुम का आयोजन किया। इसमें एक-दूसरे को हल्दी और कुमकुम लगाकर सौभाग्य की मंगलकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान पीले वस्त्रों और मीठे व्यंजनों के माध्यम से वसंत ऋतु के स्वागत की परंपरा का पालन किया गया।
वसंत पंचमी का महत्व
जिला अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि वसंत पंचमी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि ज्ञान और कला के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। इसी दिन ब्रह्मा जी के मानस से माँ सरस्वती का प्राकट्य हुआ था। यह दिन हमें शिक्षा और कला के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।
इस गरिमामयी आयोजन में श्रद्धा अग्रवाल, अंजू गुप्ता, भावना अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, आशा भारद्वाज, रानी नामदेव, दमयन्ती सैनी, अर्चना अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, विनीता गर्ग, सुमेधा, और रंजीता सोनी सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।









