इटारसी। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से मीनाक्षी महामाया जनकल्याण समिति ने महावीरांगना रानी अहिल्याबाई होलकर की 300 वीं जयंती के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम का शानदार आगाज किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका सभापति गीता देवेंद्र पटेल एवं अमृता मनीष ठाकुर ने दीप प्रज्वलन करके किया। अतिथियों ने रानी अहिल्याबाई के न्यायप्रिय शासन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। प्रख्यात कथक नृत्यांगना लावण्या घोष ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने स्पीक मैके के अंतर्गत मुस्कान संस्था के बच्चों को नृत्य की बारीकियों के टिप्स भी दिए।
बच्चों के लिए ड्राइंग, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, भाषण और भजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शास्त्रीय कला में योगदान हेतु लावण्या घोष और शैक्षणिक-सांस्कृतिक कार्यों के लिए स्पीक मैके से सुनील बाजपेई का सम्मान किया गया। प्रथम दिन के समापन पर मुख्य अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत ने विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया। संस्था की अध्यक्ष माया मनोज सोलंकी ने सभी सहयोगियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में मुस्कान संस्था का विशेष सहयोग रहा।









