रितेश राठौर, केसला। जनपद पंचायत केसला के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राउंड पर क्लस्टर स्तरीय आनंद उत्सव का आयोजन किया। जिला नर्मदापुरम के इस आयोजन में ग्राम पंचायत केसला, ताकू एवं मोरपानी की टीमों और खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस उत्सव में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
कबड्डी और वॉलीबॉल में भिड़ी टीमें
प्रतियोगिताओं के दौरान कबड्डी और वॉलीबॉल के मैचों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कबड्डी में सीनियर हॉस्टल केसला ने अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, एथलेटिक्स और अन्य मनोरंजक खेलों में भी स्थानीय युवाओं ने अपनी फुर्ती का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
- कबड्डी : प्रथम पुरस्कार सीनियर हॉस्टल केसला, कप्तान सुभाष भूसारे), द्वितीय इंग्लिश मीडियम आश्रम केसला, तृतीय मादीखोह।
- वॉलीबॉल : प्रथम पुरस्कार देवांश कमले की टीम।
- 100 मीटर दौड़ : प्रथम- रविंद्र लविस्कर, द्वितीय देवांश कमले, तृतीय दीपांश चौहान।
- चम्मच दौड़ : प्रथम रुचि राठौर, द्वितीय राजकुमार, तृतीय अरविंद काजले।
जनप्रतिनिधियों का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में केसला सरपंच श्रीमती छनिया बाई इवने, मोरपानी सरपंच हेमराज उईके और ताकू सरपंच श्रीमती रजनी काजले सहित संबंधित पंचायतों के सचिवों का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।









