इटारसी। मध्य प्रदेश राज्य कृषि एवं विपणन बोर्ड के निर्देशानुसार, इटारसी कृषि उपज मंडी में सोयाबीन भावांतर योजना से जुड़े किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 30 जनवरी को सुबह 10 बजे से 31 जनवरी को दोपहर 2 बजे तक मंडी गेट पर आयोजित होगा।
भावांतर योजना के अंतर्गत आने वाले किसानों को अक्सर भुगतान या पोर्टल संबंधी तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मंडी सचिव प्रशांत पांडे ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों की भुगतान से संबंधित लंबित शिकायतों और अन्य समस्याओं का मौके पर ही उचित निराकरण करना है।
मंडी में विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र पटेल ने क्षेत्र के सभी संबंधित किसानों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी समस्याओं के दस्तावेज़ों के साथ समय पर पहुंचें ताकि शासन की योजना का लाभ उन्हें सुचारू रूप से मिल सके।









