इटारसी। त्रैमासिक बैठक में विधायक ने शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था पर नाराजी जताई तो इसका असर गुरुवार को सड़कों पर दिखाई दिया। प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ शहर के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की।
राजस्व, पुलिस और नगर पालिका के अमले ने रेलवे स्टेशन मार्ग और रेस्ट हाउस रोड पर कार्रवाई करते हुए सड़कों को साफ कराया। इस दौरान आवागमन में बाधा बन रहे कई हाथठेलों को जब्त किया गया। नगर पालिका की इस अचानक हुई कार्रवाई से हॉकर्स और दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान जारी रहेगा और शुक्रवार को भी शहर के अन्य हिस्सों में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी।








