इटारसी। शहर को जलभराव की गंभीर समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने पार्षदों के साथ भारत टॉकीज रोड पर बन रहे नाले का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
बता दें कि करीब 1 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से शिक्षक नगर न्यास कॉलोनी से चिकमंगलूर चौराहे तक इस महत्वपूर्ण नाले का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान आई तकनीकी और व्यावहारिक बाधाओं को दूर करने के लिए अध्यक्ष ने ठेकेदार को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नाला बनने से भारत टॉकीज, सूर्या होटल और अग्रवाल स्कूल क्षेत्र के व्यापारियों व नागरिकों को बारिश के दौरान होने वाले जलजमाव से स्थायी निजात मिलेगी। निरीक्षण के दौरान पार्षद मनीषा आशुतोष अग्रवाल और पार्षद राहुल प्रधान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।









