इटारसी। शहर के वरिष्ठ अभिभाषक एवं अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रमेश के. साहू ने एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। उनके कठिन परिश्रम से मध्यप्रदेश के साहू समाज के वकीलों की जानकारी पर आधारित संदर्भ मध्यप्रदेश एडवोकेट डायरेक्टरी 2025-26 तैयार हो गई है। 1515 अधिवक्ताओं के विवरण वाली यह डायरेक्टरी देश में किसी भी समाज द्वारा तैयार किया गया अपनी तरह का पहला दस्तावेज है।
गुवाहाटी में होगा भव्य विमोचन
इस बहुप्रतीक्षित अधिवक्ता निर्देशिका का विमोचन असम के गुवाहाटी में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष जयदत्त क्षीरसागर के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इटारसी के लिए यह बड़े सम्मान की बात है कि यहां के स्थानीय निवासी ने राष्ट्रीय स्तर पर समाज को विधिक रूप से एकजुट करने का बीड़ा उठाया।
क्यों खास है यह डायरेक्टरी?
1515 अधिवक्ताओं का संकलन : इसमें मध्यप्रदेश के कोने-कोने में कार्यरत समाज के वकीलों की पूरी जानकारी दी गई है।
विधिक सहायता सुलभ होगी : इस बुकलेट के माध्यम से आम सामाजिक बंधु संकट के समय अपने ही समाज के अधिवक्ताओं से संपर्क कर कानूनी मदद ले सकेंगे।
रिकॉर्ड समय में कार्य पूर्ण : राष्ट्रीय संगठन द्वारा रमेश साहू को विधि एवं एडवोकेट प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय प्रभारी बनाते समय यह लक्ष्य दिया गया था, जिसे उन्होंने बहुत ही कम समय में पूरा कर दिखाया।
इन दिग्गजों ने दी शुभकामनाएं
इस उपलब्धि पर देश की प्रमुख हस्तियों ने हर्ष व्यक्त किया है। पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल एव सांसद विवेक कृष्ण तनख़ा, राष्ट्रीय महासचिव रामलाल गुप्ता, और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू ने इसे सामाजिक चेतना की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया है।
सहयोग और आभार
इस डायरेक्टरी के प्रकाशन में हाई कोर्ट जबलपुर के अधिवक्ता सुबोध कठर एवं ऐश्वर्य पार्थ साहू का विशेष तकनीकी सहयोग रहा। इटारसी सहित पूरे प्रदेश के सामाजिक संगठनों और पदाधिकारियों बटन लाल साहू, डॉ. हेमराज साहू, श्रीमती आभा साहू आदि ने रमेश साहू के प्रति आभार जताते हुए इसे सामाजिक समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।









