इटारसी। शहर के न्यास कॉलोनी स्थित मुस्कान संस्था/ठाकुर जी गार्डन में शुक्रवार को सागर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल भोपाल एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक चले इस शिविर में 120 से अधिक क्षेत्रवासियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और नि:शुल्क दवाइयां प्राप्त कीं।
विशेषज्ञों का परामर्श और जांच
शिविर में भोपाल के प्रख्यात विशेषज्ञों हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश शर्मा ने ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल, मोटापा और सांस फूलने जैसी समस्याओं से ग्रसित मरीजों की जांच की। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. शिवानी बादल आचार्य ने महिलाओं के मासिक धर्म, पीसीओडी, हार्मोनल असंतुलन और ओवेरियन सिस्ट जैसे रोगों का परीक्षण कर परामर्श दिया।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत आयोजन
महिला बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला ने बताया कि कलेक्टर सोनिया मीणा के निर्देशानुसार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न अस्पतालों के सहयोग से महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार हेतु यह निरंतर प्रक्रिया जारी रहेगी।
समाज के लिए आवश्यक पहल
मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने डॉक्टरों का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी शिविर समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताते हुए अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया।









