इटारसी। शहर के पुरानी इटारसी क्षेत्र के निवासी विशाल कुमार शुक्ला ने शैक्षणिक जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने रबींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, रायसेन के शिक्षा विभाग से सफलतापूर्वक अपनी पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर ली है। स्व. बद्री प्रसाद शुक्ला, शिक्षक के सुपुत्र विशाल की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
शोध का विषय : इटारसी के विद्यालयों पर केंद्रित
डॉ. विशाल शुक्ला ने अपना शोध कार्य ए स्टडी ऑफ स्टूडेंट्स लर्निंग टुवर्ड्स सोशल साइंस इन सेकेंडरी स्कूल्स इन इटारसी सिटी विषय पर पूर्ण किया है। उन्होंने अपना यह महत्वपूर्ण शोध डॉ. ब्रजेश कुमार शमा, प्राध्यापक एवं अध्यक्ष, शिक्षा विभाग, रबींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न किया। उनके शोध के निष्कर्ष स्थानीय शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के सीखने के दृष्टिकोण को समझने में सहायक सिद्ध होंगे।
दो दशकों का कार्यानुभव
विशाल शुक्ला पिछले 20 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपना बहुमूल्य अनुभव साझा किया है। उनकी यह उपलब्धि उनके वर्षों के संघर्ष और समर्पण का प्रतिफल है।
डॉ. विशाल शुक्ला प्रसिद्ध देवी भजन गायक आलोक शुक्ला के भाई हैं। उनकी इस विशेष उपलब्धि पर परिवारजनों, गुरुजनों, इष्ट मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।









