- 22 साल से सत्ता से बाहर हैं, कमियों को दूर कर युवाओं-किसानों की लड़ाई लड़ेंगे
इटारसी। छात्र हितों और किसानों की समस्याओं को लेकर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में नरसिंहपुर से शुरू हुई 200 किलोमीटर की जनचेतना पदयात्रा आज इटारसी पहुंची। नगर में यात्रा का भव्य स्वागत हुआ, जिसके बाद मीडिया से चर्चा में चौकसे ने संगठन की रणनीति और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
आत्ममंथन और कड़ा प्रहार
प्रेस वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में आशुतोष चौकसे ने बड़ी स्पष्टता से स्वीकार किया कि हममें कुछ कमी रही होगी, तभी हम 22 सालों से सत्ता से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि अब हम उन कमियों को दूर कर रहे हैं और जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीत रहे हैं। तवा क्षेत्र में हो रहे अवैध उत्खनन पर उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सैकड़ों ट्रक अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहे हैं। जब उनसे पुराने नेताओं का उदाहरण देकर पूछा गया, तो उन्होंने हुंकार भरी कि अवैध उत्खनन अब मैं और मेरे साथी रोकेंगे, 22 साल के जमे हुए इस भ्रष्ट सिस्टम को उखाडऩे में वक्त लगेगा, पर हम सफल होंगे।
पदयात्रा के मुख्य मुद्दे और मांगें
आशुतोष चौकसे ने बताया कि यह पदयात्रा केवल पैदल चलना नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ एक वैचारिक क्रांति है। यात्रा के दौरान उन्होंने सरकार के सामने मांगें रखीं।
- नर्मदापुरम-नरसिंहपुर क्षेत्र में मां नर्मदा के नाम पर शासकीय मेडिकल कॉलेज और एक शासकीय विश्वविद्यालय की स्थापना हो, जिसमें कृषि अनुसंधान केंद्र भी शामिल हो।
- फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी की जाए और क्षेत्र में सहकारी शुगर व राइस मिलों सहित एग्रो-प्रोसेसिंग यूनिट्स लगाई जाएं।
- नर्मदा जी में अवैध रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगे और युवाओं को बर्बाद कर रहे नशे के कारोबार को जड़ से खत्म किया जाए।
- गोशालाओं के लिए पर्याप्त बजट और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान हेतु कड़ा कानून बने।










